जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मादक पदार्थों की तस्करी एवं सेवन के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 72 प्रकरण दर्ज कर 428 लोगों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 317.84 ग्राम स्मैक, 8.379 किलोग्राम गांजा, नशीले पदार्थों के सेवन में प्रयुक्त उपकरण तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई। साथ ही शहरभर में 213 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि इस अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 29 पूर्व वांछित अपराधी, 38 अन्य आरोपी, 41 स्थायी वारंटी, एक धारा 299 बीएनएसएस वारंटी और एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया गया। वहीं धारा 170 बीएनएसएस एवं अन्य निरोधात्मक प्रावधानों के तहत 276 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
उत्तर जिले में सबसे अधिक गिरफ्तारियां
जयपुर उत्तर जिले में 19 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 20 पूर्व वांछित अपराधी, 27 अन्य आरोपी और 35 स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। 162 लोगों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई तथा 15.16 ग्राम स्मैक और नशे के सेवन में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। यहां 56 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया और कुल 265 गिरफ्तारियां हुईं, जो सभी जिलों में सर्वाधिक रहीं।
पश्चिम जिले में सबसे अधिक एनडीपीएस प्रकरण
जयपुर पश्चिम जिले में सर्वाधिक 22 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 285.89 ग्राम स्मैक, 537.2 ग्राम गांजा तथा करीब 87 हजार रुपये मूल्य की एमडी बरामद की। इसके अलावा चार पूर्व वांछित अपराधी और नौ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर 66 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। जिले में 57 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया और कुल 96 गिरफ्तारियां हुईं।
पूर्व जिले में 97 मेडिकल स्टोरों की जांच
जयपुर पूर्व जिले में 17 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 559.065 ग्राम गांजा, 9.38 ग्राम स्मैक, फॉयल पेपर और 6,330 रुपये की बिक्री राशि बरामद की। इसके अलावा पांच पूर्व वांछित अपराधी, दो अन्य आरोपी, छह स्थायी वारंटी, एक धारा 299 बीएनएसएस वारंटी और एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया गया। यहां 97 मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया, जो सभी जिलों में सबसे अधिक रहा। अभियान के दौरान कुल 60 गिरफ्तारियां की गईं।
दक्षिण जिले में भी कार्रवाई
जयपुर दक्षिण जिले में 14 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 2.448 किलोग्राम गांजा, 7.41 ग्राम स्मैक तथा नशा सेवन में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। चार व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई तथा तीन मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों की सराहना करते हुए कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त, तस्करी, भंडारण अथवा सेवन की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



















