जयपुर। राजधानी के चित्रकूट थाना क्षेत्र में संचालित एक सेल्फ ड्राइव कार रेंटल कंपनी के कार्यालय में एक दर्जन से अधिक अज्ञात युवको द्वारा घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट और बाहर खड़ी थार गाड़ी में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कंपनी संचालक ने चित्रकूट थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कंपनी संचालक सोनू चौधरी ने बताया कि उनकी सेल्फ ड्राइव कार रेंटल कंपनी के जयपुर में पांच कार्यालय संचालित हैं, जिनमें दो मानसरोवर, एक टोंक रोड, एक एसबीआई चौराहा और एक चित्रकूट स्टेडियम के पास स्थित है।
उन्होंने बताया कि 17—18 जुलाई की मध्यरात्रि को एक एक दर्जन से अधिक अज्ञात युवक चित्रकूट स्थित कार्यालय पहुंचे और कार्यालय में सो रहे दो कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की और कार्यालय के बाहर खड़ी थार गाड़ी में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस घटना के बाद कंपनी संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को सूचना दी और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई।
इसके बाद चित्रकूट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। सोनू चौधरी ने आशंका जताई कि वारदात के पीछे रंगदारी (एक्सटॉर्शन) की मांग हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।



















