4.5 करोड़ के प्लॉट पर कब्जे की साजिश और फर्जी रजिस्ट्री कराने वाला भूमाफिया गिरफ्तार

0
30
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। पुलिस थाना श्यामनगर ने 4.5 करोड़ रुपए कीमत के प्लॉट पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जा करने की कोशिश करने वाले भूमाफिया गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सुरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाकर भूखंड मालिक किशोर जैन के नाम से एचडीएफसी बैंक में फर्जी खाता खुलवाया था। मामले में गिरोह के अन्य सदस्य मुरारी शर्मा, राजू उर्फ सम्राट बच्चन सैनी, दशरथ कुमावत सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी मांगीलाल सिंघी (74) निवासी निर्माण नगर ने 27 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसने प्लॉट नंबर 674, रानी सती नगर, अजमेर रोड स्थित 313 वर्गगज का दक्षिणमुखी भूखंड 8 जनवरी 2026 को किशोर जैन से 36 लाख रुपए में पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए खरीदा था। भूखंड की चारदीवारी और गेट लगा हुआ था तथा खरीद के बाद उसने निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया था।

परिवादी ने बताया कि 15 फरवरी 2026 को जब वह कार्यवश गुवाहाटी गया हुआ था, तब 4-5 लोग निर्माणाधीन प्लॉट पर पहुंचे और मजदूरों को काम बंद करने की धमकी दी। कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति ने खुद को विष्णु सिंह राजपूत बताते हुए प्लॉट अपना होना बताया। उसने एक विक्रय पत्र दिखाया, जिसमें किशोर जैन द्वारा उसके नाम प्लॉट बेचना दर्शाया गया था।

जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति के फोटो और हस्ताक्षर विक्रय पत्र में थे, वह असली किशोर जैन नहीं था। आरोपियों ने फर्जी व्यक्ति को किशोर जैन बनाकर उप पंजीयक कार्यालय रामपुरा डाबड़ी में फर्जी रजिस्ट्री करवा ली। इसके जरिए प्लॉट हड़पने की साजिश रची गई।

इस मामले में श्यामनगर थाने में मामला दर्ज किया गया। बढ़ते भूमाफिया नेटवर्क को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सुनील प्रसाद शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और आसूचना आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी राजू उर्फ सम्राट बच्चन सैनी चौमूं थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और अन्य आपराधिक मामलों के कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

ई-रिक्शा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ई-रिक्शा बरामद किया है। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि 27 मई 2026 को परिवादी इरफान खान निवासी व्यास कॉलोनी, शास्त्रीनगर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसका ग्रीन रंग का ई-रिक्शा जिसे उसने 17 मई की रात घर के बाहर खड़ा किया था, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 70 से 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा आरोपी के भागने का रूट मैप तैयार किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान भट्टाबस्ती निवासी तालीब के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी तालीब पुत्र गुलाम नबी (22) मूल रूप से गांव हालथिया, थाना बरसाना, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में संजय नगर, भट्टाबस्ती में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल श्रीनिवास, कांस्टेबल मामराज, राजेश और प्रदीप कुमार शामिल रहे। वाहन बरामदगी और वारदात के खुलासे में कांस्टेबल प्रदीप कुमार और मामराज की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here