शौच की पानी की बोतल के विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या करने वाला गिरफ्तार

0
44

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले की चंदवाजी थाना पुलिस ने 24 दिन पहले हुए हरचन्दपुरा ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी चन्द्रेश्वर उर्फ शेखर कुम्हार (28) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि शौच के लिए उपयोग में आने वाली पानी की बोतल को लेकर हुए मामूली विवाद में आरोपी ने राकेश जाट की चाकू से हत्या कर दी थी। वारदात के बाद उसने शव को करीब 200 मीटर तक घसीटकर नदी किनारे गड्ढे में दबा दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए कई हथकंडे अपनाए।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि 7 जून की सुबह हरचन्दपुरा पार्क के पास नदी किनारे गड्ढे में राकेश जाट का शव दबा मिला था। मृतक के भाई कालूराम जाट की रिपोर्ट पर चंदवाजी थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने थाने पर प्रदर्शन कर शीघ्र खुलासे की मांग भी की थी।

वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी हीरालाल सैनी के नेतृत्व में 25 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 250 लोगों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी तक पहुंच बनाई।

जांच में सामने आया कि हरचन्दपुरा पार्क की पानी की टंकी के पास एक बोतल रखी रहती थी, जिसका उपयोग मृतक राकेश रोजाना शौच के लिए पानी ले जाने में करता था। 6 जून की शाम आरोपी चन्द्रेश्वर उसी बोतल में पानी भरकर ले जाने लगा। इस पर राकेश ने उसे टोका, गाली-गलौज की और हल्का धक्का दे दिया। मामूली विवाद से नाराज आरोपी ने नदी की ओर जा रहे राकेश पर पीछे से हमला कर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी अपने घर से फावड़ा लाया और शव को करीब 200 मीटर तक घसीटकर नदी किनारे पुराने गड्ढे में दबा दिया। खेत पास होने के कारण उसे इलाके की पूरी जानकारी थी।

पुलिस जांच से बचने के लिए आरोपी ने हत्या के तीन दिन बाद अपनी प्रेमिका को आंधी क्षेत्र से भगाकर खुद भी फरार हो गया, ताकि हत्या का शक उस पर न जाए। वह पंजाब और हरियाणा में छिपा रहा। हत्या के दौरान मृतक द्वारा हाथ काट लेने से बने निशानों को मिटाने के लिए उसने अपने हाथों को तेल डालकर जला भी लिया, लेकिन पुलिस जांच में उसका पूरा षड्यंत्र बेनकाब हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त चाकू, शव दबाने में इस्तेमाल फावड़ा तथा अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

एसपी ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे में चंदवाजी थाने के कांस्टेबल रोहिताश बराला की विशेष भूमिका रही। उन्होंने लगातार फील्ड में रहकर महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटाईं। कार्रवाई में थानाधिकारी हीरालाल सैनी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश, हरिराम, रामस्वरूप, हेड कांस्टेबल सुभाषचंद, लालचंद सहित चंदवाजी थाना, मनोहरपुर थाना एवं साइबर सेल जयपुर ग्रामीण की टीम शामिल रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here