जयपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘मिशन जागृति’ के तहत जयपुर दक्षिण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) और शिवदासपुरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी महिला के कब्जे से 80 ग्राम गांजा (19 पुड़िया) तथा मादक पदार्थ की बिक्री से अर्जित 3 लाख 70 हजार रुपए की नकदी बरामद की गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम, डीएसटी प्रभारी विशंभर और साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर रविवार को त्रिवेणी नगर, पदमपुरा रोड (शिवदासपुरा) क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय निवासी सीमा सांसी (35) पत्नी राजू सांसी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 19 पुड़ियों में पैक 80 ग्राम अवैध गांजा और उसकी बिक्री से प्राप्त 3.70 लाख नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी गांजा किससे खरीदती थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करती थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रामसिंह, डीएसटी के सहायक उप निरीक्षक प्रेमचंद, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार, डीएसटी के हेड कांस्टेबल राजेश, हंसराज, कांस्टेबल अशोक तथा महिला कांस्टेबल सोना की भी सक्रिय भूमिका रही।



















