मिशन जागृति: पुलिस ने किया 76 लाख रुपए से अधिक के मादक पदार्थ नष्ट

0
59
Mission Jagriti: Police destroy narcotics worth over ₹76 lakh.
Mission Jagriti: Police destroy narcotics worth over ₹76 lakh.

जयपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘मिशन जागृति’ के तहत जयपुर दक्षिण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करीब 76.30 लाख रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कर दिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गठित औषधि व्ययन समिति की मौजूदगी में नशीले पदार्थों को भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि सोडाला, मानसरोवर, मुहाना, श्याम नगर, सांगानेर सदर, शिप्रापथ, विधायकपुरी और पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का नियमानुसार परीक्षण एवं चयन किया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत गठित औषधि व्ययन समिति ने इन्हें नष्ट करने का निर्णय लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में 5 किलो 780 ग्राम गांजा, 359 ग्राम स्मैक, 7 किलो 717 ग्राम डोडा चूरा तथा 180 ग्राम चरस को भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 76 लाख 30 हजार 385 रुपए आंकी गई है।

डीसीपी राजर्षि राज ने कहा कि ‘मिशन जागृति’ के तहत जयपुर दक्षिण पुलिस नशे के अवैध कारोबार और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here