जन-जन तक पहुंचेंगी मोदी सरकार की उपलब्धियां: मदन राठौड़

0
128

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में “विश्वास से विकास, सेवा से सुशासन” नाम से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में आधारभूत ढांचे से लेकर सामाजिक योजनाओं तक व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि जिन 18 हजार से अधिक गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी, वहां विद्युतीकरण किया गया और आज भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक पेयजल पहुंचाने का कार्य हुआ है, वहीं सिंचाई, बांधों के सुदृढ़ीकरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण काम हुए हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आधुनिकीकरण हुआ है और अधिकांश ब्रॉडगेज लाइनों का विद्युतीकरण किया गया है। रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है। साथ ही भारतमाला परियोजना के माध्यम से सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है और सीमावर्ती क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की गई है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देकर भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और एमएसपी वृद्धि से किसानों को सीधा लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई ने देश की सुरक्षा नीति को मजबूत किया है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की रक्षा की, बल्कि वैक्सीन उपलब्ध कराकर वैश्विक भूमिका भी निभाई। वहीं चंद्रयान मिशन की सफलता ने भारत की वैज्ञानिक क्षमता को विश्व स्तर पर स्थापित किया।

राठौड़ ने कहा कि जनधन योजना, डीबीटी, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाकर भारत ने दुनिया को स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है और भाजपा कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here