अवैध विज्ञापनों पर नगर निगम की कार्रवाई: 315 होर्डिंग-बैनर व स्ट्रक्चर जब्त

0
22
Municipal Corporation's action against illegal advertisements
Municipal Corporation's action against illegal advertisements

जयपुर। शहर में अवैध विज्ञापनों के खिलाफ नगर निगम जयपुर ने विशेष अभियान शुरू किया है। आयुक्त के निर्देश पर निगम के सभी जोन कार्यालयों की टीमों ने कार्रवाई करते हुए अब तक 90 कॉमर्शियल बैनर, 182 अवैध होर्डिंग्स और 43 लोहे के स्ट्रक्चर हटाकर जब्त किए हैं। निगम की ओर से यह अभियान 17 सितंबर से शुरू किया गया है और लगातार जारी रहेगा।

निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन, बैनर और होर्डिंग हटाए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए विज्ञापन संबंधी सामान को निगम की ओर से नियमानुसार कार्रवाई के लिए रखा जा रहा है।

भवन मालिकों से वसूली जाएगी क्षतिपूर्ति

आयुक्त ने बताया कि जिन भवनों अथवा दीवारों पर अवैध रूप से विज्ञापन लगाए गए हैं, उनके भवन मालिकों से नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि की वसूली की जाएगी। इसके अलावा गैन्ट्री, यूनिपोल अथवा पोल कियोस्क पर अवैध विज्ञापन पाए जाने पर संबंधित उत्पाद निर्माताओं को भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
अवैध विज्ञापनों के कारण नगर निगम के राजस्व को नुकसान पहुंचने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

अधिकृत वेंडरों से ही करवाएं विज्ञापन

नगर निगम ने फर्मों और संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने विज्ञापन केवल निगम से अधिकृत वेंडरों के माध्यम से ही प्रदर्शित करवाएं। अनधिकृत व्यक्ति या संस्था के माध्यम से विज्ञापन लगवाने पर नियमानुसार सामान जब्त करने सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध विज्ञापनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here