जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने वांछित एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 73 गिरफ्तारी वारंटों में वांछित स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ पारिवारिक न्यायालय क्रम-1 (जयपुर महानगर प्रथम) की ओर से कुड़की व वसूली के कुल 73 वारंट जारी किए गए थे।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नाहरगढ़ थानाधिकारी सज्जन कुमार की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार सूचना संकलन और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी के छिपने के स्थानों का पता लगाया। इसके बाद दबिश देकर आरोपी सुलेमान खां निवासी पठानों का चौक नाहरगढ़ जयपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पत्नी एवं पारिवारिक पक्ष को भरण-पोषण की राशि का भुगतान नहीं करने पर न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए 73 गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।



















