विदेश में कारोबार का झांसा देकर 1.61 करोड़ के जवाहरात की ठगी करने वाला गिरफ्तार

0
57

जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने कीमती जवाहरात खरीदकर ठगी करने के मामले में आरोपी अलजेब खान (24) निवासी रामगंज जयपुर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यापारियों को विदेश में कारोबार और बड़ा मुनाफा होने का झांसा देकर महंगे जवाहरात खरीदता था। बाद में उन्हें बाजार में कम कीमत पर बेचकर प्राप्त राशि का इस्तेमाल महंगी पार्टियों, अय्याशी और विदेश यात्राओं में करता था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि आरोपी अच्छे परिवार से ताल्लुक रखता है। वह शुरुआत में व्यापारियों के साथ छोटे स्तर पर अच्छा कारोबार कर उनका विश्वास जीतता था। इसके बाद विदेश में कारोबार होने और भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर मुंहमांगे दाम पर बड़ी मात्रा में कीमती पत्थर खरीद लेता था। माल हासिल करने के बाद उसे सस्ते दाम में बेच देता और प्राप्त राशि का कुछ हिस्सा व्यापारी को देकर शेष रकम अपनी अय्याशी, महंगी पार्टियों और विदेश यात्राओं पर खर्च करता था।

थानाधिकारी छगन डांगी ने बताया कि अमृतपुरी, एलेक्जेंडर कॉलोनी निवासी व्यापारी शुजात अंसारी पुत्र मोहम्मद इस्लाम ने आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामगंज निवासी अलजेब खान उससे तुरमलीन स्टोन, पन्ना, तंजानाइट और सुनहेला जैसे कीमती पत्थर खरीदता था। आरोपी ने अच्छा मुनाफा देने का झांसा देकर व्यापारी से करीब 1 करोड़ 61 लाख रुपए के कीमती पत्थर खरीद लिए और बाद में ठगी कर फरार हो गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने व्यापारी से ठगे गए कीमती पत्थर किन लोगों को और कितनी कीमत में बेचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here