गोविंद देवजी मंदिर में आज होगा ‘पितृ पुष्टि गायत्री महायज्ञ’

0
22
A grand *abhishek* with *Panchamrit* will be performed at the Govind Dev Ji Temple on Radhashtami.
A grand *abhishek* with *Panchamrit* will be performed at the Govind Dev Ji Temple on Radhashtami.

जयपुर। पितृ पक्ष के पावन अवसर पर रविवार, 27 सितंबर को राजधानी के प्रसिद्ध आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में ‘पितृ पुष्टि गायत्री महायज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा। सुबह 8 से 10 बजे तक आयोजित होने वाले इस यज्ञ में श्रद्धालु अपने समस्त पितृ गणों के निमित्त आहुतियां प्रदान कर सकेंगे।

मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में यह महायज्ञ गायत्री परिवार मानसरोवर की टोली द्वारा संपन्न कराया जाएगा। यह यज्ञ पूर्णतः निशुल्क है और इसमें कोई भी श्रद्धालु भाग ले सकता है। शनिवार को मंदिर परिसर में यज्ञ की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। आगामी रविवार को भी इसी तरह पितृ पुष्टि गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट करने का यह पर्व शनिवार से शुरू हो गया। पहले दिन पूर्णिमा तिथि पर दिवंगत हुए पितरों का विधि-विधान से श्राद्ध कर्म किया गया। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर श्राद्ध का संकल्प लिया और अपने पूर्वजों का नाम व गोत्र बोलकर उनका आह्वान किया। तर्पण के उपरांत पंचबलि भोग के तहत गाय, चींटी, कौए और श्वान के लिए ग्रास निकाला गया।

इसके बाद ब्राह्मणों को भोजन कराकर वस्त्र एवं दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद लिया गया। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस बार अष्टमी तिथि का क्षय होने के कारण श्राद्ध पक्ष पूर्णिमा तिथि को मिलाकर पूरे 16 दिन का रहेगा। इस क्रम में 27 सितंबर को प्रतिपदा और 28 सितंबर को द्वितीया तिथि का श्राद्ध संपन्न किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here