जयपुर। जयपुर रेंज महानिरीक्षक पुलिस राहुल प्रकाश के निर्देश पर जयपुर ग्रामीण जिले में चलाए गए दो दिवसीय विशेष ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर नशा तस्करों, हथियार मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर, वांछित अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की। थानावार जारी विवरण के अनुसार कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद के मार्गदर्शन में चलाया गया।
चंदवाजी में 20.76 किलो डोडा-चूरा जब्त
चंदवाजी पुलिस ने निधिवन ढाबे के पास दबिश दी। यहां से खैरी की ढाणी निवासी राजू सराधना (44) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14.700 किलो डोडा छिलका, 6.060 किलो डोडा पोस्त चूरा यानी कुल 20.760 किलो मादक पदार्थ और बिक्री के 6 हजार रुपए बरामद किए गए।
इसी थाना क्षेत्र में 10 अगस्त को निम्स यूनिवर्सिटी के पास स्कॉर्पियो से पिस्तौल और कट्टे बरामदगी के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर विक्रम उर्फ विक्की कालावत (27) निवासी कुशलपुरा को भी गिरफ्तार किया गया।
रेनवाल में 10 वांछित पकड़े
रेनवाल पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नीरज पाठक और वृत्ताधिकारी जोबनेर पन्नालाल जांगिड़ के सुपरविजन तथा थानाधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में तकनीकी सहायता से 10 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें नकबजनी व शांति भंग के मामलों में मुकेश वर्मा (28), हरिओम (26), इरफान खान (24) और हारून (32) शामिल हैं। वहीं महिला अत्याचार व शांति भंग के मामलों में मथुरा, उत्तर प्रदेश निवासी हाल जामडोली अंशु शर्मा (33) और देवेंद्र शर्मा (30) को पकड़ा गया। इसके अलावा वारंटी व मारपीट के मामलों में सूरज आचार्य (22), बोदूराम (50), रामलाल (35) और देवीलाल (36) गिरफ्तार किए गए।
जोबनेर में दो महिलाएं स्मैक के साथ गिरफ्तार
जोबनेर पुलिस ने थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के नेतृत्व में सांसी बस्ती, बबेरवालों की ढाणी में आकस्मिक चेकिंग के दौरान दो महिलाओं को स्मैक बेचते पकड़ा। सुनीता सांसी (45) से 8.75 ग्राम स्मैक और 3,770 रुपए तथा सुशीला सांसी (45) से 2.01 ग्राम स्मैक और 950 रुपए बरामद किए गए। दोनों के कब्जे से कुल 10.76 ग्राम स्मैक और 4,720 रुपए जब्त कर अलग-अलग एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज किए गए।
सांभरलेक और दूदू में वारंटी गिरफ्तार
सांभरलेक पुलिस ने स्थायी वारंटी रतनी देवी बावरिया को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एनआई एक्ट के मामलों में वांछित माया देवी, नीरज कुमार शर्मा, नंदराम जाट और नंदराम कुमावत को गिरफ्तारी वारंट के तहत पकड़ा गया।
दूदू पुलिस ने वृत्ताधिकारी अनुपम मिश्रा के सुपरविजन और थानाधिकारी संजय प्रसाद के नेतृत्व में मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी रतन बागरिया (48) तथा एनआई एक्ट के स्थायी वारंटी राजेंद्र बैरवा (37) को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। संगठित अपराध, अवैध मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।



















