भावनगर जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी लातूर चढ़ा एएनटीएफ के हत्थे

0
40

जयपुर। गुजरात के भावनगर जहरीली शराब कांड में 13 लोगों की मौत के मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे लादूराम उर्फ गणेश (22) को राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने महाराष्ट्र के लातूर से गिरफ्तार किया है। भीलवाड़ा के कारोंही थाना क्षेत्र स्थित मेहंदगढ़ निवासी लादूराम घटना के बाद से फरार था। गुजरात पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 22 टीमें लगा रखी थीं। एएनटीएफ ने आरोपी को निरुद्ध कर गुजरात पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अगस्त 2026 में गुजरात के भावनगर जिले के घोघा तालुका के खरखड़ी गांव में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग बीमार हुए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथी कबाड़ी से ब्रांडेड शराब की खाली बोतलें खरीदकर उनमें मेथेनॉल युक्त अवैध शराब भरते और सील-पैक कर बेचते थे। घटना के बाद लादूराम अवैध शराब की फैक्ट्री छोड़कर फरार हो गया था। गुजरात स्टेट मॉनिटरिंग सेल की जांच और गिरफ्तार सह-आरोपियों से पूछताछ में उसका नाम मुख्य सरगना के तौर पर सामने आया।

पुलिस के अनुसार आठवीं तक पढ़े लादूराम ने वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश के धार में काम किया। इसके बाद गुजरात के भुज और वडोदरा में आइसक्रीम पार्लर व वैन पर काम किया और गांधीनगर में पानीपुरी का ठेला भी लगाया। अपेक्षित कमाई नहीं होने पर भुज में उसकी मुलाकात एक शराब तस्कर से हुई। पुलिस के अनुसार इसी दौरान वह अवैध शराब के कारोबार में शामिल हुआ और पिछले करीब दो वर्षों से इस धंधे में सक्रिय था।

एएनटीएफ की टीम भीलवाड़ा के एमडी फैक्ट्री मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में लातूर पहुंची थी। वहां एक आइसक्रीम फैक्ट्री की आड़ में एमडी तैयार किए जाने की सूचना थी। इसी दौरान टीम को टेंपो में आइसक्रीम रखते हुए गुजरात पुलिस के हुलिए से मिलता-जुलता व्यक्ति दिखाई दिया।

पूछताछ में उसकी पहचान लादूराम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने भावनगर जहरीली शराब कांड में फरार होना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि मुखबिर की लादूराम से पुरानी रंजिश थी और उसने एमडी फैक्ट्री के बहाने एएनटीएफ को सूचना दी थी।

पुलिस के अनुसार भावनगर कांड के बाद लादूराम गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। वह राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में रहा। एएनटीएफ ने इसी माह तेलंगाना से मादक पदार्थ तस्करी के तीन वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here