पुलिस का ट्रिपल एक्शन: महिला स्मैक तस्कर समेत आठ आरोपित गिरफ्तार

0
42
Police's triple action: Eight accused arrested, including a female smack smuggler.
Police's triple action: Eight accused arrested, including a female smack smuggler.

जयपुर। राजधानी के खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक साथ तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पुलिस ने स्मैक तस्करी, अवैध गैस रिफिलिंग और जुआ खेलने के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक महिला नशा तस्कर, गैस रिफिलिंग प्रकरण के एक वांछित आरोपी तथा छह जुआरियों सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 14 हजार रुपये की दांव राशि भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) पारसमल जैन (आरपीएस) के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) विनोद शर्मा (आरपीएस) के नेतृत्व में खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश बिश्नोई और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने तारा देवी (35) पत्नी सीताराम मालवत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 ग्राम शुद्ध अवैध स्मैक बरामद की। आरोपी मूल रूप से खोह नागोरियान स्थित रैगरों के मोहल्ले की निवासी है तथा वर्तमान में गोनेर रोड स्थित चेतक कॉलोनी, लुणियावास में रह रही थी।

पुलिस ने घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों और ऑटो में अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी बलराम मीणा (33) पुत्र श्रीमन्न मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी दौसा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के रामेड़ा गांव का निवासी है और वर्तमान में जेएनयू के पास नारायण सिटी-6, खोह नागोरियान में रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि इसी प्रकरण में मुख्य आरोपी एवं बलराम की पत्नी लक्ष्मी देवी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने रुपये का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 14 हजार रुपये की जुआ राशि बरामद कर राजस्थान सार्वजनिक द्यूत अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में जाफर हुसैन (39), अतीक उर रहमान (48), मोहम्मद सलीम (53), सरफराज खान (45), मोहम्मद आरिफ (47) तथा एजाजुद्दीन (42) शामिल हैं। सभी आरोपी रामगंज और घाटगेट क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here