मोदी सरकार में 682 करोड़ से 10,828 करोड़ तक पहुंचा रेल बजट:अश्विनी वैष्णव

0
82

जयपुर। केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों में राजस्थान को रेलवे और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय राजस्थान को रेलवे के लिए मात्र 682 करोड़ रुपए का बजट मिलता था, जिसे मोदी सरकार ने बढ़ाकर 10,828 करोड़ रुपए कर दिया है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में करीब 76 हजार करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न रेल विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। राज्य के 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें जयपुर रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री, गांधी नगर जयपुर स्टेशन के पुनर्निर्माण सहित जैसलमेर, जोधपुर, अलवर, बीकानेर, कोटा, अजमेर, आबूरोड, पाली मारवाड़ और जालोर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

वैष्णव ने कहा कि कोविड-19 के बाद राजस्थान को 46 नई रेलगाड़ियां मिली हैं। इनमें जोधपुर-दिल्ली, जोधपुर-पुणे, जैसलमेर-दिल्ली और बीकानेर-दिल्ली जैसी महत्वपूर्ण रेल सेवाएं शामिल हैं। साथ ही अजमेर-जयपुर-दरभंगा रेल सेवा को नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। जयपुर-अजमेर सहित विभिन्न मार्गों पर वंदे भारत ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि आगरा-बांदीकुई, अजमेर-चित्तौड़गढ़, रींगस-सीकर, सवाई माधोपुर-जयपुर और लूणी-भीलड़ी रेल लाइन डबलिंग परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं देवगढ़ मदारिया-नाथद्वारा, नीमच-बड़ी सादड़ी, पुष्कर-मेड़ता और रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं।

औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 24 गति शक्ति कार्गो टर्मिनल विकसित किए जा रहे हैं। इनमें 10 टर्मिनल तैयार हो चुके हैं, 6 पर कार्य जारी है और 8 परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा 560 किलोमीटर लंबे फ्रेट कॉरिडोर के तहत राजस्थान को 14,700 करोड़ रुपए के निवेश का लाभ मिल रहा है।

रेल मंत्री ने जयपुर के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि शहर में अत्याधुनिक एआई डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा तथा जयपुर को मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही एमएनआईटी जयपुर में क्वांटम लैब, सेमीकंडक्टर लैब और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब स्थापित की जाएंगी।

इससे पूर्व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here