आरटीओ दस्ते पर ट्रक चालक से मारपीट का आरोप

0
40

जयपुर। कानोता थाना क्षेत्र में आरटीओ दस्ते पर ट्रक चालक के साथ मारपीट करने और उसके सिर पर डंडा मारकर घायल करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ओवरलोड ट्रक बताकर 50 हजार रुपए का चालान भरने का दबाव बनाया गया। विवाद के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने पर कथित तौर पर आरटीओ कर्मियों ने डंडों से हमला कर दिया। घायल ट्रक मालिक का एसएमएस अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बूंदी जिले के करवर गांव निवासी बबलू (20) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने पिता कालूराम और अन्य परिजनों के साथ ट्रक में खिलौने भरकर झारखंड जा रहे थे। रविवार रात करीब 10:30 बजे हिंगोनिया टोल पार करने के करीब एक किलोमीटर बाद पीछे से आई सफेद बोलेरो ने ट्रक के आगे वाहन लगाकर उन्हें रुकवा लिया।

परिवादी का आरोप है कि बोलेरो में सवार चार आरटीओ कर्मियों ने ट्रक को ओवरलोड बताते हुए 50 हजार रुपए का चालान भरने के लिए कहा। इस पर ट्रक मालिक ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए राहत की मांग की और दो हजार रुपए देने की बात कही, लेकिन बात नहीं बनी।

रिपोर्ट के अनुसार जब उन्होंने पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो आरटीओ कर्मी कथित तौर पर भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने बोलेरो से डंडा निकालकर मोबाइल तोड़ दिया और मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान डंडा कालूराम के सिर पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। बीच-बचाव के दौरान बबलू के हाथ में भी चोट आई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरटीओ दस्ता मौके से फरार हो गया। घायल कालूराम को एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर सोमवार शाम कानोता थाने में मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं आरटीओ दस्ते की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here