चेन स्नेचिंग गैंग के दो बदमाशों को धर-दबोचा

0
40
Two members of a chain-snatching gang nabbed.
Two members of a chain-snatching gang nabbed.

जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए 30 किलोमीटर तक करीब 400 सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेन स्नेचिंग करने वाले शातिर बदमाश और लूटी गई चेन आधे दाम में खरीदने वाले ज्वेलर को गिरफ्तार कर वारदात में लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस अब मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 19 जुलाई को जवाहर नगर निवासी अचल गुप्ता ने चेन स्नेचिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जवाहर नगर थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस और सीएसटी टीम ने वारदात स्थल से लेकर करीब 30 किलोमीटर के दायरे में लगे लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। सीएसटी के कांस्टेबल जुगल किशोर और ओमप्रकाश की तकनीकी पड़ताल के आधार पर शातिर चेन स्नेचर चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू (27) निवासी रामनगरिया, जगतपुरा की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी राजकुमार के साथ मिलकर सुनसान स्थानों पर बुजुर्ग महिलाओं की रेकी करता था। मौका मिलते ही चेन लूटकर फरार हो जाता था। लूटी गई चेन को वह अपने ज्वेलर मित्र विष्णु सोनी (30) निवासी केशव नगर, जयसिंहपुरा खोर (हाल निवासी एवं दुकान चांदपोल बाजार) को आधी कीमत पर बेच देता था।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चेन बेचकर मिले पैसों से वे शराब और स्मैक का सेवन कर मौज-मस्ती करते थे। पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले ज्वेलर विष्णु सोनी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली। मामले में फरार आरोपी राजकुमार की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विष्णु सोनी के विरुद्ध 8 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here