विधायक बालकनाथ के बयान पर भड़का सैन समाज: माफी नहीं मांगी नहीं तो दी आंदोलन की चेतावनी

0
124
Sain Community Outraged Over MLA Balaknath's Statement
Sain Community Outraged Over MLA Balaknath's Statement

जयपुर। अलवर जिले के तिजारा से भाजपा विधायक बाबा बालकनाथ के एक कथित विवादित बयान को लेकर सैन (नाई) समाज में गहरा आक्रोश सामने आया है। जहां मंगलवार को समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। समाज ने चेतावनी दी कि यदि विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो आने वाले दिनों में सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।

नारायण धाम अध्यक्ष विनोद करेल ने आरोप लगाया कि विधायक बालकनाथ ने एक जेईएन को फटकार लगाते हुए ‘तू जेईएन है या नाई’ जैसी टिप्पणी की थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। समाज ने इस बयान को अपमानजनक बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि यह न केवल नाई समाज बल्कि मेहनतकश व दस्तकार वर्ग का भी अपमान है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान खेद व्यक्त करते हुए माफी भी मांगी। लेकिन समाज के लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक विधायक स्वयं सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते तब तक विरोध जारी रहेगा।

ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि नाई समाज परंपरागत रूप से सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है और जन्म, विवाह सहित विभिन्न संस्कारों में 36 कौम के साथ खड़ा रहता है। ऐसे में इस तरह की टिप्पणी से समाज की गरिमा को ठेस पहुंची है।

केश कला विकास के प्रदेश मंत्री रामावतार भैंसवा ने संत शिरोमणि सेन महाराज और जननायक कर्पूरी ठाकुर का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज का ऐतिहासिक योगदान रहा है और किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा जाति विशेष पर टिप्पणी करना सामाजिक समरसता के विपरीत है।

समाज के प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई और विधायक ने माफी नहीं मांगी तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा, जिसका असर आगामी चुनावों में भी देखने को मिल सकता है।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि किसी भी समाज के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनते हुए परिवार के मुखिया के रूप में खेद जताया और विधायक से भी इस संबंध में बातचीत करने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here