जयपुर। शिवसेना के राजस्थान राज्य प्रमुख पदम जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पंजाब में हालिया विस्फोटों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार से कड़ा रुख अपनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जालंधर स्थित बीएसएफ मुख्यालय चौक और अमृतसर में सेना छावनी के पास हुए बम विस्फोटों से दहशत का माहौल बना है, जिससे आतंकियों के हौसले बढ़े हैं।
पदम जैन ने कहा कि इस स्थिति में भारतीय सेना और बीएसएफ को स्वतंत्र रूप से प्रतिकार करने का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से स्थिति और खराब हो सकती है तथा इससे सुरक्षा बलों का मनोबल प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के मुद्दे को राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से दूर रखा जाना चाहिए। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आतंकियों के हौसले और बढ़ सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी सरकारों पर होगी।
शिवसेना ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो संगठन के कार्यकर्ता भी देश की सुरक्षा के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार हैं। शिवसेना ने केंद्र और पंजाब सरकार से अपील की है कि सुरक्षाबलों को आवश्यक स्वतंत्रता देते हुए आतंकवाद के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाए, ताकि देश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



















