डीजीपी राजीव कुमार शर्मा से मिला यूनिसेफ का प्रतिनिधिमंडल

0
88
UNICEF Delegation Meets DGP Rajiv Kumar Sharma
UNICEF Delegation Meets DGP Rajiv Kumar Sharma

जयपुर। राजस्थान में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत यूनिसेफ भारत की कंट्री हेड सिंथिया मैककैफ्रे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय जयपुर में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान आयोजित बैठक में “चाइल्ड फ्रेंडली पुलिसिंग” कार्यक्रम को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस सभागार में आयोजित इस बैठक में मैककैफ्रे ने राजस्थान में यूनिसेफ और पुलिस के बीच चल रही पहलों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्हें और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’, ‘सुरक्षा सखी’ और ‘वत्सल वार्ता’ जैसे अभिनव प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ये पहल महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी मॉडल बन रही हैं।

बैठक में दोनों संस्थाओं के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी। बाल सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया, साथ ही वर्तमान कार्यक्रमों के प्रभाव की समीक्षा कर भविष्य की रणनीति पर विचार किया गया। विशेष रूप से “सिस्टम स्ट्रेंथनिंग” और “स्केल-अप” मॉडल को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि इन पहलों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच स।

डीजीपी शर्मा ने बैठक के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्कूलों में ऑनलाइन सेफ्टी और साइबर सेफ्टी को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाना आज की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है और इसके लिए पुलिस एवं समाज के बीच सक्रिय सहभागिता से सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकता है।

बैठक में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें जागरूक और सशक्त बनाने के लिए यूनिसेफ प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से सुझाव भी दिए जिन पर आगामी दिनों में यूनिसेफ प्रतिनिधियों द्वारा कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाएगी।

इस अवसर पर यूनिसेफ राजस्थान के स्टेट हेड के.एल. नरसिम्हा राव, बाल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार निराला,अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सामुदायिक पुलिसिंग) लता मनोज कुमार सहित संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here