शटर का ताला तोड़ ज्वेलरी शॉप से सात लाख के चांदी के गहने चोरी

0
40
Jewelery stolen along with cash worth lakhs of rupees from an abandoned house
Jewelery stolen along with cash worth lakhs of rupees from an abandoned house

जयपुर। राजधानी के सोडाला थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़कर चोर करीब सात लाख रुपए कीमत के चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गायत्री नगर सोडाला निवासी विजय सोनी ने चोरी का मामला दर्ज कराया है। उनकी फुटलिया बाग स्थित श्री श्याम ज्वैलर्स दुकान को बुधवार रात बदमाशों ने निशाना बनाया। विजय सोनी रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात एक बदमाश दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गया।

गुरुवार सुबह कॉलोनी वासियों ने दुकान का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना दुकानदार को दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि दुकान के काउंटर में रखे चांदी के गहने गायब थे। चोरी की सूचना मिलने पर सोडाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के अनुसार रात करीब दो बजे एक बदमाश शटर का ताला तोड़कर दुकान में दाखिल हुआ। वह करीब 15 से 20 मिनट तक दुकान के अंदर रहा और काउंटर में रखे चांदी के गहनों को एक थैली में भर लिया। इसके बाद गहनों से भरी थैली लेकर मुख्य गेट से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here