जयपुर। जयपुर जयपुर कमिश्नरेट में मार्च 2026 माह के लिए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने आयोजित समारोह में इन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जयपुर पुलिस का उद्देश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना स्थापित करना है। ऐसे पुरस्कारों से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि कांस्टेबल राहुल कुमार (रामनगरिया थाना, जिला पूर्व) ने एक मामले में सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं कांस्टेबल सुनील कुमार (कार्यालय पुलिस उपायुक्त पश्चिम) ने अंतरराज्यीय गैंग के दो इनामी आरोपियों को तकनीकी विश्लेषण के जरिए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कराने में अहम योगदान दिया। इसके अलावा कांस्टेबल कमलेश कुमार (जालूपुरा थाना, जिला उत्तर) ने रात्रि गश्त के दौरान गुम हुए 50-60 हजार रुपए से भरे पर्स को खोजकर संबंधित व्यक्ति को लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया,कांस्टेबल अनिल कुमार (अशोक नगर थाना, जिला दक्षिण) ने लंबे समय से लंबित 10 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट का सफल निष्पादन किया।
साथ ही कांस्टेबल संदीप कुमार (यातायात उत्तर) ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में कड़ी मेहनत और निष्ठा से कार्य किया और कांस्टेबल राकेश कुमार शर्मा (कार्यालय अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, आसूचना एवं सुरक्षा) ने विभिन्न प्रमुख आयोजनों—जैसे त्योहारों और धार्मिक कार्यक्रमों—के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था की साप्ताहिक रिपोर्ट समय पर तैयार करने में उत्कृष्ट कार्य किया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने सभी सम्मानित कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से पुलिस बल में प्रतिस्पर्धा और सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है। समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।



















