नौका विहार झांकी में ठाकुरजी का हुआ मनमोहक पुष्प श्रृंगार

0
28

जयपुर। ठाकुर श्री गोविंद देवजी मंदिर में जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को द्वितीय ज्येष्ठ कृष्ण (अधिक) प्रतिपदा के अवसर पर नौका विहार लीला के भावों से सजी विशेष झांकी के दर्शन श्रद्धालुओं को कराए गए। माधव गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में आयोजित इस झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार झांकी में ठाकुर श्रीजी एवं राधा रानी को फूलों से निर्मित विशेष पोशाक धारण करवाई गई। साथ ही पुष्पों से बने आभूषणों से उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया। नौका विहार लीला के अनुरूप ठाकुर श्रीजी के सिंहासन को नौका का स्वरूप दिया गया तथा सेवा में ललिता सखी एवं विशाखा सखी के हाथों में पतवार सजाई गई, जिससे यमुना में नौका विहार का भाव साकार हुआ।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में चल रहे लीला दर्शन गौड़ीय परंपरा के अनुसार पूर्व गोस्वामी आचार्यों द्वारा रचित पदावलियों के अनुकरण पर आधारित हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर ठाकुर जी के दर्शन किए।

जल यात्रा उत्सव श्रृंखला के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि गोविंद देवजी मंदिर में अगले विशेष दर्शन 6 जून 2026 को प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक होंगे। वहीं मंदिर श्री कुंज बिहारी जी (माहेत मंदिर श्री गोविंद देवजी) में जल यात्रा झांकी के दर्शन 7 जून 2026 को सायं 6 बजे से 6:30 बजे तक कराए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here