जयपुर। मकर संक्रांति पर मंदिरों में ठाकुरजी भी पतंग उड़ाएंगे। ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी में सोमवार को मकर संक्रांति उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर श्रीजी को चांदी की पतंग एवं राधारानी जी संग सखियों को चांदी की चर्खियां धारण कराई जाएगी। जिसमें ठाकुर श्रीजी के पतंगोत्सव के अद्भुत दर्शन कराए जाएंगे। ठाकुर श्रीजी को विशेष फीणी, गुड़ तिल के लड्डू, मावा तिल के लड्डू का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। छप्पन भोग की झांकी भी सजाई जाएगी।
इससे पूर्व मंगला झांकी के बाद ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोचारण के साथ पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। पीली लप्पा जामा सर्दी की पोशाक एवं विशेष अलंकार श्रृंगार धारण कराया जाएगा। ठाकुर श्रीजी का परंपरागत पतंगोत्सव मनाया जाएगा। शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज में अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में ठाकुर राधा सरस बिहारी सरकार की पतंग झांकी सजाई जाएगी। चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर जी, पुरानी बस्ती के गोपीनाथ जी, रामगंज बाजार के लाड़लीजी सहित अनेक मंदिरों में भी मकर संक्रांति उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।