
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान का 69वां स्थापना दिवस बुधवार को एसीबी मुख्यालय में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसीबी) स्मिता श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एसीबी का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता, नैतिकता और जनविश्वास को मजबूत करना भी है।
उन्होंने राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के प्रति एसीबी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों की सूचना एसीबी हेल्पलाइन 1064 तथा व्हाट्सएप नंबर 9413502834 पर देने की अपील की।
समारोह का संचालन पुलिस उपमहानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा ने किया। उन्होंने एसीबी राजस्थान के इतिहास, प्रमुख उपलब्धियों और राज्यभर में संचालित जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने अशोक का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्थापना दिवस के अवसर पर एसीबी परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिठाइयां वितरित कर खुशी साझा की गई।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक परिमला, पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह, पुलिस अधीक्षक गोवर्धन लाल सोकरिया सहित एसीबी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















