580 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

0
35

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले की फुलेरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 580 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद ने बताया कि फुलेरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जहां थाना प्रभारी फुलेरा राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की ओर से सांभर रोड स्थित फुलेरा कस्बे में एमवी एक्ट अभियान के दौरान वाहनों की नाकाबंदी और जांच की जा रही थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल का चालक नाकाबंदी तोड़कर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे हनुमान नगर कॉलोनी में रामचंद्र सांसी (30) निवासी सांसी बस्ती, जोबनेर रोड फुलेरा को पकड़ कर तलाशी ली।

जहां पुलिस को मोटरसाइकिल पर रखे काले बैग में एक थैली से 580 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी मादक पदार्थ के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here