जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वैधपुरी कॉलोनी,आमागढ़ क्षेत्र से 192 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला के खिलाफ आबकारी और एनडीपीएस समेत विभिन्न धाराओं में पहले से 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि शहर में अवैध शराब बिक्री और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर थाना प्रभारी अरुण चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने वैधपुरी कॉलोनी, आमागढ़ में दबिश देकर 70 वर्षीय अंगूरी सांसी के कब्जे से बिना वैध लाइसेंस रखे गए 192 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद कर जब्त किए। इसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस शराब की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अंगूरी सांसी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 1997 से 2025 तक आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता/आईपीसी की विभिन्न धाराओं में कुल 21 मामले दर्ज हैं। इनमें कई मामलों में उसे सजा हो चुकी है, जबकि आबकारी, एनडीपीएस और अन्य मामलों में कई प्रकरण अभी न्यायालय में लंबित हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अरुण कुमार, उपनिरीक्षक कैलाश चंद तथा कांस्टेबल सुभाष चंद और लवकेश शामिल रहे।



















