“स्टारी नाइट शो” का रंगारंग आयोजन होगा 26 सितंबर को

0
34

जयपुर। राजधानी जयपुर में आगामी 26 सितंबर को टोंक रोड स्थित सोडाणी फार्म्स में खनक चित्रा एंटरटेनमेंट की ओर से मनोरंजन, संगीत और ग्लैमर से भरपूर स्टारी नाइट शो का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम एक चैरिटी शो के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें फिल्म, फैशन और संगीत जगत से जुड़े कई कलाकार एवं हस्तियां अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी।

आयोजक अर्चना दास ने बताया आयोजित होने वाले इस स्टारी नाइट शो में दर्शकों को मनोरंजन से भरपूर प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। कार्यक्रम में बिग बॉस सीजन 16 से सुर्खियों में आईं नागौर की गोरी नागौरी, डाकू चंबल फेम सिंगर रॉकी अगरिया, बॉलीवुड सिंगर रहमान अली की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम का संचालन एंकर दीपाली छेत्री एवं ऋषु द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि इस कार्यक्रम में पहले ममता कुलकर्णी बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट आने वाली थी, लेकिन उन्होंने अंतिम समय पर मना कर दिया और अपने वादों से मुकर गईं, जो कि उनके गैर रवैये को दर्शाता है। हमारी तरफ से उनको लेकर सारी तैयारियां और घोषणाएं की जा चुकी थीं, लेकिन उनका अंतिम समय पर मुकर जाना और जयपुर शहर में ही उसी दिन किसी दूसरे इवेंट में जाना, समझ से परे है। अब ममता कुलकर्णी की जगह एक्ट्रेस मौसमी उदेशी को फाइनल किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस इवेंट को ग्लैमर, संगीत, डांस और मनोरंजन के खूबसूरत संगम के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। चैरिटी शो होने के कारण कार्यक्रम के माध्यम से मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकार को भी जोड़ा गया है। शो को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और दर्शकों के लिए एक यादगार शाम तैयार की जा रही है। कार्यक्रम के लिए प्रति व्यक्ति टिकट की कीमत 500 रुपये निर्धारित की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here