अनुशासन, समरसता और राष्ट्रभावना के संस्कार दे रहा संघ शिक्षा वर्ग

0
46

जयपुर/अलवर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आदर्श विद्या मंदिर, मालवीय नगर (अलवर) में 21 मई से 5 जून तक 40 से 65 वर्ष आयु वर्ग के स्वयंसेवकों के लिए संघ शिक्षा वर्ग (विशेष) आयोजित किया जा रहा है। वर्ग में जयपुर प्रांत के विभिन्न जिलों से आए 167 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।

वर्ग में स्वयंसेवकों को अनुशासन, सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति, सेवा भाव, जनसंपर्क कौशल और नैतिक मूल्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा, ग्राम विकास, धर्म जागरण, कुटुंब प्रबोधन और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रतिदिन सुबह 4:15 बजे से शुरू होने वाली समयबद्ध दिनचर्या में शारीरिक प्रशिक्षण, योग, प्राणायाम, खेल, बौद्धिक चर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। भोजन व्यवस्था सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत करती है, जहां सभी स्वयंसेवक सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण करते हैं।

वर्ग में आत्मनिर्भरता और श्रम की गरिमा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वयंसेवक अपने बर्तन साफ करने, कपड़े धोने और परिसर की सफाई स्वयं करते हैं। जल संरक्षण के लिए बर्तनों की सफाई में बालू-रेत का उपयोग किया जा रहा है। वर्ग का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित, अनुशासित एवं संवेदनशील नेतृत्व तैयार करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here