जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम की संयुक्त कार्रवाई में निवाड़ू रोड स्थित एक वर्कशॉप पर दो दिन पहले हुई फायरिंग की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी यश अहलावत उर्फ सूरज सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फोर्ड इकोस्पोर्ट कार और एक पिस्टल भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने उधार दिए गए रुपए का भुगतान होने के बावजूद ब्याज की मांग को लेकर विवाद किया और फायरिंग कर दी।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 1 जुलाई को परिवादी जितेंद्र शर्मा ने झोटवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि निवारु रोड स्थित उसकी महालक्ष्मी मोटर्स एंड कार बाजार नाम से वर्कशॉप पर शाम करीब 6 बजे यश अहलावत, अमन और आकाश कार से पहुंचे। तीनों ने पहले उधार के पैसों को लेकर विवाद किया, फिर लोहे के पाइप से उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने यश अहलावत उर्फ सूरज, अमन और आकाश उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यश और आकाश सगे भाई हैं तथा अमन उनका साथी है। तीनों जयपुर में फाइनेंस के नाम पर लोगों को ऊंचे ब्याज पर रुपए उधार देकर वसूली करते थे। ब्याज नहीं देने पर लोगों को धमकाना और मारपीट करना इनका तरीका था।
झोटवाड़ा, मुरलीपुरा, करधनी और करणी विहार क्षेत्र में इनका दबदबा बना हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि परिवादी ने उधार की मूल राशि चुका दी थी, लेकिन आरोपी लगातार ब्याज की मांग कर रहे थे। ब्याज देने से इनकार करने पर आरोपियों ने वर्कशॉप पर हमला कर फायरिंग की। वारदात के बाद आरोपी घटना में प्रयुक्त वाहन को छिपाकर दूसरे वाहन से हरियाणा भाग गए थे, लेकिन पुलिस ने लगातार पीछा कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फोर्ड इकोस्पोर्ट कार और एक पिस्टल बरामद की है। पिस्टल का लाइसेंस दूसरे राज्य से जारी होना सामने आया है, जिसकी वैधता की जांच की जा रही है। मामले में आरोपियों से पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

















