जयपुर। राजधानी की सड़कों को सुरक्षित बनाने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति समझ विकसित करने के लिए शुक्रवार को रामबाग चौराहे पर एक विशेष ऑन-रोड जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशों पर आयोजित इस पहल में ट्रैफिक पुलिस जयपुर और मुस्कान फाउंडेशन फॉर रोड सेफ्टी ने हाथ मिलाया।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि रोड सेफ्टी एजुकेशन पहल के तहत बॉश इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान की सबसे खास बात यह रही कि यहाँ नियम तोड़ने वालों के चालान काटने के बजाय उनसे सीधा संवाद किया गया। टीम ने समझाइश के माध्यम से वाहन चालकों को उनके व्यवहार में सुधार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अभियान में राजस्थान स्वायत्त शासन पी.जी. महाविद्यालय के करीब 10-15 छात्रों और मुस्कान के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। छात्रों ने सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित यातायात के फायदों के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर (यातायात) सरिता बडगूजर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और लोगों को सुरक्षित सफर की शपथ दिलाई।
अभियान के दौरान मुख्य रूप से घटिया हेलमेट के बजाय केवल आईएसआई मार्क हेलमेट का ही उपयोग करें।सड़क पार करते समय और चलते समय पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखना। ओवरस्पीडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति आगाह किया गया और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से बचने की सलाह देकर आमजन को जागरूक किया गया।




















