जयपुर। शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से जयपुर यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ट्रैफिक सेंस अभियान’ के तहत शुक्रवार को वैशाली नगर स्थित विजय द्वार चौराहे पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात पश्चिम) समीर कुमार के नेतृत्व में आदर्श चौराहा विजय द्वार पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को “पापा! भूल ना जाना…” जैसे संदेशों वाले पोस्टर और पंपलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। वहीं पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, ट्रैफिक सिग्नल और अन्य नियमों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने चौराहे पर हैंड हेल्ड लेजर गन की सहायता से ओवरस्पीडिंग और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान भी किए। अधिकारियों ने बताया कि दुपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारी के लिए बीआईएस मानक हेलमेट पहनना, ट्रिपल राइडिंग से बचना, सीट बेल्ट लगाना, रेड लाइट का पालन करना तथा मोबाइल और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाना अनिवार्य है।
यातायात पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है। सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसी तरह के जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाए जाएंगे।



















