जयपुर। श्री श्याम गौ सेवा परिवार समिति के तत्वावधान में गुरुवार को मुहाना मंडी रोड पर वर्ष 2008 के जयपुर बम धमाकों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा और मानवता का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गलता के पूर्व पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य महाराज एवं राघवेंद्राचार्य के सानिध्य में हुई। इस दौरान 13 मई 2008 के बम धमाकों में मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। अवधेशाचार्य महाराज ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
रक्तदान शिविर में सुमन ब्लड बैंक के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में सर्व समाज के लोगों के साथ पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुहाना थाना, पत्रकार कॉलोनी थाना सहित कई पुलिस जवानों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र टेलर एवं रामचंद चौधरी ने बताया कि समिति द्वारा आयोजित यह पहला रक्तदान शिविर था, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 85 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के लिए सुमन ब्लड बैंक को सौंपा गया।
रक्तदाताओं और अतिथियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष नरेंद्र टेलर का जन्मदिन भी मनाया गया। इस अवसर पर रमेशचंद मेवाड़ा, हनुमान सहाय, सुरेंद्र बैरवा, अरविंद टेलर, सुनील कुमावत, संजय कुमार मीणा, किशोर लाल, अरुण शर्मा, विष्णु शर्मा सहित समिति के अनेक कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित रहे।



















