दुपहिया वाहन चुराने वाला वाहन चोर ‘बंटी’ गिरफ्तार

0
159

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए बाइक और स्कूटी चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। बरामद मोटरसाइकिलों में दो वाहन मानसरोवर थाना क्षेत्र और एक शिप्रापथ थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया शिप्रापथ थाना पुलिस ने द्वारका दास पार्क के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपी विक्रम मीणा उर्फ बंटी (32) निवासी हंसापुर, थाना नीमकाथाना (सीकर), हाल निवासी मानसी विहार, सचिवालय नगर (मुहाना) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की कुल तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें शिप्रापथ थाना क्षेत्र से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर के अलावा मानसरोवर थाना क्षेत्र से चोरी हुई दो मोटरसाइकिल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार विक्रम मीणा उर्फ बंटी के खिलाफ पूर्व में भी शिप्रापथ थाने में वाहन चोरी का मामला दर्ज है, जिसमें चालान न्यायालय में पेश किया जा चुका है। आरोपी आदतन वाहन चोर है और नशे की लत पूरी करने के लिए लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा की गई अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी हितेश शर्मा, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल मंगिज, छोटूराम, सवाई सिंह और मुकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here