मैरिज गार्डन से एसी का आउटर चुराने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार

0
36
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। जयपुर दक्षिण जिले की पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैरिज गार्डन से एसी का आउटर चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एसी का आउटर भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि दुर्गापुरा निवासी प्रहलाद कुमावत ने 24 जुलाई को पत्रकार कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके राधाकृष्ण मैरिज गार्डन के बाहर लगा एसी का आउटर अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने वारदात के तरीके (मोडस ऑपरेंडी) का विश्लेषण किया और संदिग्धों की पहचान कर रवि ढोली तथा जसवंत मौर्य को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया एसी का आउटर भी बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी रवि ढोली (22) निवासी कच्ची बस्ती, रामदेव नगर, गुर्जर की थड़ी (महेश नगर) के खिलाफ शिप्रापथ और महेश नगर थानों में चोरी के मामले न्यायालय में लंबित हैं। वहीं जसवंत मौर्य (20) निवासी मिक्की नगर, करतारपुरा, हाल निवासी कच्ची बस्ती, रामदेव नगर के खिलाफ बजाज नगर, शिप्रापथ, मानसरोवर और महेश नगर थानों में चोरी के पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन नकबजन हैं और पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी उदय सिंह यादव, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल उमेश कुमार, श्योपाल, भगवान सहाय और दिनेश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे अन्य किन-किन चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here