जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिण जिले में विशेष अभियान ‘मिशन जागृति’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन में यह कार्रवाई बुधवार को की गई।
पुलिस के अनुसार दक्षिण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों—सोडाला, श्यामनगर, मानसरोवर, मुहाना, शिप्रापथ, चाकसू और सांगानेर सदर—में पूर्व में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 52 के तहत गठित औषधि व्ययन समिति द्वारा की गई।
निस्तारण के दौरान कुल गांजा 5 किलो 188 ग्राम, स्मैक 57 ग्राम और डोडा पोस्त 1034 किलो 400 ग्राम नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक इन मादक पदार्थों की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 69 लाख 15 हजार 388 रुपए आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी की जाती रहेगी।



















