चोरी की नीयत से फ्लैट में घुसी महिला

0
30

जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र स्थित एक रिहायशी अपार्टमेंट में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है, जहां फ्लैट में घुसी एक महिला को मकान मालिक ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से रंगे हाथ पकड़वा दिया। मकान मालिक ने पड़ोसी की सहायता से फ्लैट का गेट बाहर से लॉक करवा दिया, जिससे महिला अंदर ही फंस गई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

थानाधिकारी गुर भूपेंद्र ने बताया कि पीड़ित युवक ने मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि करीब एक वर्ष पहले उसके फ्लैट से करीब सात लाख रुपए के जेवरात और नकदी चोरी हो गई थी। उस घटना के बाद उसे पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर संदेह था। इसी कारण उसने फ्लैट में गुप्त रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे।

गुरुवार शाम वह परिवार के साथ एक परिचित के जन्मदिन समारोह में गया हुआ था। रात करीब 8:15 बजे मोबाइल पर सीसीटीवी फुटेज देखने पर उसने पड़ोसी महिला को अपने फ्लैट के भीतर घूमते हुए और अलमारी में रखे सामान की तलाशी लेते हुए देखा। इसके बाद उसने तुरंत पड़ोसी को फोन कर फ्लैट का गेट बाहर से बंद करवा दिया और स्वयं भी मौके के लिए रवाना हो गया।

कुछ देर बाद महिला ने खुद को फ्लैट के अंदर बंद पाया और बाहर निकलने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान फ्लैट मालिक भी पहुंच गया। उसने जालीदार गेट के भीतर मौजूद महिला का वीडियो बनाया तो महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने अपने कपड़े फाड़कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।

सूचना मिलने पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थानाधिकारी गुर भूपेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला कथित रूप से डुप्लीकेट चाबी से फ्लैट का ताला खोलकर अंदर घुसी थी।

पीड़ित की शिकायत पर अनधिकृत रूप से फ्लैट में प्रवेश करने का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here