जयपुर। आस्था एवं आध्यात्मिक चेतना के केंद्र श्री अमरापुर स्थान जयपुर में 17 मई से 31 मई 2026 तक 15 दिवसीय श्री अमरापुर बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगा। जिसमें 5 से 20 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भाग ले सकेंगे।
शिविर के पंजीयन 16 मई तक प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार अंतिम तिथि 17 मई निर्धारित की गई है। शिविर में भाग लेने वाले बच्चों को संस्कार, अनुशासन और भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
श्री अमरापुर स्थान जयपुर के पूज्य स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने बताया कि शिविर का संचालन नियमानुसार किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
शिविर में उपयोग होने वाली पाठ्य सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। इस शिविर में संत-महात्माओं के सानिध्य के साथ अध्यापक जितेंद्र दाधीच सहित अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को योग, सूर्य नमस्कार, प्रार्थना, शास्त्रीय ज्ञान, तिलक, स्नान एवं भोजन मंत्रों का बोध कराया जाएगा।
साथ ही आध्यात्मिक भक्ति, चरित्र निर्माण, सनातन धर्म संस्कृति,सकारात्मक सोच एवं सेवा भाव से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार शिविर के दौरान समय-समय पर बच्चों की परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। समापन समारोह में उत्कृष्ट एवं जुझारू प्रतिभागियों को सम्मानित कर प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे।



















