जयपुर। प्रेम प्रकाश मण्डल के सिद्ध महान कर्मयोगी युगपुरुष आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज का 84वां पंचदिवसीय महानिर्वाण उत्सव 16 से 20 जून तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। उत्सव का शुभारंभ प्रेम प्रकाश ग्रंथ एवं श्रीमद्भगवद्गीता पाठ से होगा।
उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक प्रार्थना, अमोलक वाणी का गुणगान, प्रवचन श्रवण एवं सामूहिक चालीसा पाठ तथा शाम 5 से 7 बजे तक भजन, सत्संग, चालीसा पाठ एवं आरती आयोजित की जाएगी।
प्रेम प्रकाश मण्डल के मंडलाध्यक्ष सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज दो दिवसीय प्रवास पर जयपुर पहुंचेंगे। उनके विशेष प्रवचन 16 जून को सुबह 8 बजे एवं शाम 6 बजे तथा 17 जून को सुबह 8 बजे होंगे।
पूज्य स्वामी मोहन लाल महाराज ने बताया कि देशभर से संत-महात्मा श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब की अमोलक वाणी, दोहे, छंद एवं भजनों का गुणगान करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रंथ की शिक्षाएं नई पीढ़ी के नैतिक और आध्यात्मिक मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उत्सव का समापन 20 जून को विशेष सत्संग, प्रेम प्रकाश ग्रंथ एवं गीता पाठ के भोग साहब तथा विशाल भंडारे के साथ होगा।



















