जयपुर। भारत की लेखिका एवं कॉर्पोरेट प्रोफेशनल रूबी जैन की पुस्तक ‘ट्रेवल, ट्रस्ट व ट्रांसफॉर्म’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित विक्टोरिया पार्लियामेंट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भारतीय पंचतत्व दर्शन, आध्यात्मिकता और भारतीय ज्ञान परंपरा की आधुनिक जीवन में प्रासंगिकता पर विचार साझा किए।
इस अवसर पर उन्होंने विक्टोरियन लेजिस्लेटिव असेंबली के सदस्य मेंग हीआंग ताक, विक्टोरियन मल्टीकल्चरल कमीशन की चेयरपर्सन विविएन गुयेन तथा पूर्व मेयर एवं काउंसलर प्रदीप तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामुदायिक नेताओं से संवाद किया।
कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन सर्व ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, योगाचार्य ढाका राम एवं समाजसेवी सुनील जैन ने किया। रूबी जैन ने बताया कि यह पुस्तक पंचतत्व—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—को आत्म-विकास, मानसिक संतुलन और जीवन परिवर्तन से जोड़ते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करती है।



















