जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटी वेनम’ के तहत दूदू थाना पुलिस ने रविवार को नाकाबंदी के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.10 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका और तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबरी मोटरसाइकिल जब्त की है।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि दूदू थाना पुलिस ने रविवार को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट में पकड़ा जा चुका जीवराज नाम का व्यक्ति मोटरसाइकिल पर डोडा छिलका बेचने के फिराक में है । इस सूचना पर पुलिस ने धांधोली से कचनारिया जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान सामने से आ रहा युवक पुलिस जाप्ते को देखकर भागने लगा। जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया । तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल पर रखे सफेद कट्टे से 5 किलो 10 ग्राम डोडा छिलका बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी जीवराज (23) निवासी धांधोली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह माल कहाँ से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था ।




















