राजधानी में कारों के शीशे तोड़ कीमती सामान और लैपटॉप पार करने वाला गिरफ्तार

0
109

जयपुर। राजधानी के वीआईपी इलाकों में खड़ी कारों के शीशे तोड़कर कीमती सामान और लैपटॉप पार करने वाली एक संगठित गैंग का जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के दो लैपटॉप और चार्जर बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खड़ी कारों के शीशे तोड़कर कीमती सामान और लैपटॉप पार करने वाले शातिर बदमाश आरोपी राजकुमार (37) को गिरफ्तार किया है।

जो मूल रूप से टोंक के पीपलू का रहने वाला है और वर्तमान में सांगानेर (टोल टैक्स) में रह रहा था। पूछताछ में सामने आया है कि गैंग के अन्य साथी विकास और उसके सहयोगी दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस स्कूटी नंबरों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

थानाधिकारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि गैंग के दो सदस्य पैदल चलकर कारों की रेकी करते थे। जबकि एक साथी कुछ दूरी पर टू-व्हीलर लेकर खड़ा रहता था।

जहां एक सदस्य राहगीरों पर नजर रखता और दूसरा पलक झपकते ही कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप निकाल लेता था। वहीं चोरी के बाद पैदल चलने वाला सदस्य आगे खड़े टू-व्हीलर सवार साथी को सामान सौंप देता और वे तुरंत मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर शहर में हुई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

इस त्वरित खुलासे में थानाधिकारी आशुतोष सिंह के साथ हेड कांस्टेबल प्रभुदयाल, इन्द्र सिंह, राजेश कुमार और कांस्टेबल मुकेश व हरिओम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अलोक सिंघल ने बताया कि जिले में कारों के शीशे तोड़कर चोरी की बढ़ती वारदातों को देखते हुए विशेष निर्देश जारी किए गए थे। जहां जवाहर सर्किल थाना इलाके में स्थित बदमाशों ने गौरव टावर के पास डी-ब्लॉक और गिरधर मार्ग (मालवीय नगर) में एक ही दिन में लैपटॉप चोरी की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लेते हुए तकनीकी अनुसंधान शुरू करते हुए आरोपित को चिन्हित करते हुए धर—दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here