जयपुर। सांगानेर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी पूर्व) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महिलाओं को झांसे में लेकर उसके कीमती जेवरात ठगने वाली एक शातिर गैंग के एक मुख्य सदस्य को दिल्ली से गिरफ्तार किया है, जिसने जयपुर के कई इलाकों में ठगी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि सांगानेर थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महिलाओं को झांसे में लेकर उसके कीमती जेवरात ठगने वाली एक शातिर गैंग के एक मुख्य सदस्य सद्दाम (25) निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि यह गैंग भीड़भाड़ वाले इलाकों में अकेली महिलाओं को निशाना बनाती थी और उन्हें अपनी बातों में फंसाकर झांसा देती थी।
थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि 12 अप्रैल को सांगानेर थाने में दर्ज एक रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए सहायक पुलिस आयुक्त हरि शंकर शर्मा के सुपरविजन में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और हुलिये के आधार पर संदिग्धों की पहचान दिल्ली के बदमाशों के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने दिल्ली में दबिश देकर आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार किया गया। आरोपित ने प्रारंभिक पूछताछ में एसएमएस,मालवीय नगर और लाल कोठी थाना इलाके में भी वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के बाद जयपुर दक्षिण जिले की भी कई वारदातों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है और उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीमें दिल्ली में छापेमारी कर रही हैं।
इस सफल कार्रवाई में सांगानेर थानाधिकारी लिखमाराम के साथ हेड कांस्टेबल रामप्रकाश, कांस्टेबल दीपक और तकनीकी शाखा से गौरव की विशेष भूमिका रही। इस खुलासे में डीएसटी (पूर्व) टीम का महत्वपूर्ण तकनीकी सहयोग रहा।




















