जयपुर। राजधानी में जवाहर सर्किल थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी पूर्व) की संयुक्त कार्रवाई में सोशल मीडिया पर चर्चित महिला अत्याचार प्रकरण के मुख्य आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज उर्फ राहुल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर गंभीर आपराधिक वारदातों के साथ-साथ अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त होने के आरोप हैं।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया के जरिए सामने आए महिला अत्याचार के मामले में पीड़िता ने जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि 25 मार्च को आरोपी ने उसके साथ गंभीर वारदात की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि राहुल गुर्जर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मध्यप्रदेश में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कुल 33 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी जयपुर में भी अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की है, जिसके संबंध में सांगानेर थाने में अलग से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को पनाह देने वाले उसके दो सहयोगियों बाबूलाल बराला और शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जयपुर के प्रताप नगर, मानसरोवर और सांगानेर क्षेत्रों में पहचान बदलकर फरारी काट रहा था। वह पूर्व में वेश्यावृत्ति के धंधे में भी लिप्त रहा है। हाल ही में उसने प्रताप नगर इलाके में कुछ लोगों को अवैध हथियार सप्लाई किए थे, जिन्हें पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, बनवारी तथा कांस्टेबल लोकेन्द्र, मनोज, शांति, मुकेश, हरिओम और आशीष कटारा की अहम भूमिका रही। वहीं डीएसटी टीम से उपनिरीक्षक बन्ना लाल और उनकी टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।




















