जयपुर। राजधानी में अवैध जुआ-सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने खनिया बांधा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 हजार 510 रुपए नकद और जुआ-सट्टे में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा के निर्देश पर शहर में चल रहे अवैध जुआ-सट्टा कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन एवं आदर्श नगर सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में थानाधिकारी अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने खनिया बांधा इलाके में दबिश देकर गोलू (22) निवासी सिकराय, जिला दौसा, किशन सिंह (34) निवासी नागल बटवा, जिला दौसा और विशाल (25) निवासी खनिया बांधा, जयपुर को गिरफ्तार किया। मौके से नकदी सहित जुआ खेलने का सामान बरामद किया गया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई में एएसआई कैलाश चंद, हेड कांस्टेबल सोहन सिंह, मनीराम, कांस्टेबल कैलाश नेहरा और मोहम्मद शाहिद की विशेष भूमिका रही।




















