नकबजनी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार

0
76

जयपुर। चौमूं थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई नकबजनी व चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशे का आदी बताया जा रहा है।

आईपीएस उषा यादव ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी हरबेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम में हेड कांस्टेबल सांवरमल सहित कांस्टेबल महेश कुमार, मूलचंद और धोलूराम शामिल रहे।

थाना प्रभारी हरबेंद्र सिंह ने बताया कि घटना 21 मार्च की है। परिवादी अपने गांव त्योहार मनाने गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान एक संदिग्ध की पहचान की गई, जो पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया था। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश कुमावत (36) पुत्र भैरूराम कुमावत निवासी रामपुरा डाबड़ी, थाना चौमूं के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत के कारण चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here