जेडीए की बड़ी कार्रवाई: सात बीघा में बस रही दो अवैध कॉलोनियां ध्वस्त, 11 बीघा सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त

0
40
JDA's Major Action: Two Illegal Colonies Spanning Seven Bighas Demolished
JDA's Major Action: Two Illegal Colonies Spanning Seven Bighas Demolished

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भ्रष्टाचार और अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब सात बीघा भूमि पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही अजमेर रोड स्थित ग्राम महला में करीब 11 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि अजमेर रोड स्थित ग्राम महला में गैर मुमकिन नदी-नाले और तालाब के भराव क्षेत्र की सरकारी भूमि पर मलबा, बाउंड्रीवाल, मिट्टी-ग्रेवल सड़क बनाकर किए गए अतिक्रमणों को जेसीबी मशीनों और मजदूरों की सहायता से हटाया गया।

वहीं जोन-14 क्षेत्र के जयसिंहपुरा बुहारिया तथा जोन-11 क्षेत्र के ग्राम पवालिया में बिना स्वीकृति और भू-रूपांतरण के कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियां बसाने की तैयारी की जा रही थी। यहां बनाई गई मिट्टी-ग्रेवल सड़कें और अन्य निर्माण प्रारंभिक स्तर पर ही ध्वस्त कर दिए गए। दोनों कार्रवाईयों में हुए खर्च की वसूली संबंधित लोगों से की जाएगी।

इसके अलावा टोंक रोड स्थित सीताबाड़ी पिंटर्स नगर में एक प्लॉट पर अवैध बालकनी और छज्जे को भी ध्वस्त किया गया। वहीं चंदवाजी क्षेत्र में दिल्ली-अजमेर नेशनल हाईवे के पास सड़क सीमा पर किए गए टीनशेड, तारबंदी और बाउंड्रीवाल जैसे अतिक्रमण हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया।

जेडीए की यह कार्रवाई मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के पर्यवेक्षण में विभिन्न प्रवर्तन अधिकारियों, राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ और पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में की गई। प्राधिकरण ने आमजन से अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतें हेल्पलाइन और ईमेल के माध्यम से दर्ज कराने की अपील भी की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here