छोटीकाशी में बड़े मंगल की धूम: हनुमान मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
37

जयपुर। प्रथम ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़ा मंगल(मंगलवार) पर छोटीकाशी के हनुमान मंदिरों में विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। खोले के हनुमान जी, काले हनुमान जी, ढहर के बालाजी, पापड़ वाले हनुमान जी, सांगानेरी गेट के पूर्व मुखी-पश्चिम मुखी हनुमान, दिल्ली रोड और गलता गेट के पंचमुखी हनुमान मंदिर, हाथोज के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर सहित अन्य हनुमान मंदिरों में बड़ा मंगल पर पंचामृत अभिषेक कर सिंदूरी चोला धारण कराया गया। नवीन पोशाक धारण कराकर गजरा धारण कराया गया। भक्तों ने सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का पाठ किया।

झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री बड़ पीपली धाम में महंत प्रमेन्द्र नाथ महाराज के सानिध्य में हनुमान जी महाराज का 108 किलो दूध से अभिषेक किया गया। दुग्धाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने सवा लाख राम नाम मंत्र जप किया। बड़ पीपली धाम के प्रवक्ता विक्रम सिंह रुंडल ने बताया कि हनुमान जी महाराज के अभिषेक किए गए दूध को जीवों के लिए जगह-जगह पात्रों में डालकर रखा गया। उल्लेखनीय है कि बड़ पीपली धाम में 27 दिन से दुग्धाभिषेक का अनुष्ठान चल रहा है। प्रतिदिन 108 किलो दूध से हनुमान जी महाराज का दुग्धाभिषेक किया जा रहा है। यह अनुष्ठान पूरे 43 दिन चलेगा।

इस बार अधिक मास के कारण ज्येष्ठ माह 59 दिन का रहेगा। इसी कारण 19 साल बाद दुर्लभ संयोग बना है, जब सामान्य 4 की जगह 8 बड़े मंगल पड़ेंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार बड़े मंगल पर हनुमान जी की विशेष पूजा, भंडारे और दान-पुण्य का महत्व होता है। अधिक मास के कारण इस बार इनका पुण्य फल कई गुना अधिक माना जा रहा है। वर्ष 2026 में ज्येष्ठ माह का पहला बड़ा मंगल 5 मई को था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here