चांदपोल बाजार में निकली भगवान नृसिंह की शोभायात्रा

0
44
A Procession of Lord Narsingh Held in Chandpole Market
A Procession of Lord Narsingh Held in Chandpole Market

जयपुर। चांदपोल बाजार के नींदड़ राव जी का रास्ता स्थित मंदिर श्री नृसिंह जी अग्रवाल पंचायत समिति के तीन दिवसीय पाटोत्सव के प्रथम दिन मंगलवार को नृसिंह लीला का दर्शन हुआ। चांदपोल बाजार में नृसिंह भगवान की झांकी को देखने श्रद्धालु उमड़ पड़े। मुख्य झांकी से पहले श्री हनुमान जी की जीवंत झांकी निकाली गई। नींदड़ राव जी का रास्ता स्थित श्री नृसिंह जी मंदिर में महंत पं. मनमोहन शर्मा के सान्निध्य में समाजसेवी चंद्र मोहन बटवाड़ा, मंदिर श्री नृसिंह अग्रवाल पंचायत समिति के अध्यक्ष चेतन अग्रवाल, मंत्री कैलाश चंद अग्रवाल एवं अन्य ने महाआरती की।

जैसे ही खंभ से भगवान नृसिंह प्रकट हुए तो मंदिर जयकारों से गूंज उठा। इससे पूर्व नृसिंह भगवान के 80 किलो वजन के मुकुट का पूजन हुआ। जयकारों के साथ नृसिंह भगवान की झांकी मंदिर से रवाना होकर चांदपोल बाजार पहुंची। चांदपोल बाजार स्थित रामचंद्र जी मंदिर, हनुमान जी मंदिर, सतगुरु मंदिर के बाहर नृसिंह भगवान की आरती और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं समाजसेवी और स्थानीय निवासियों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर शरबत, शिकंजी, आमरस, आइसक्रीम का वितरण किया।

मार्ग में रंगीन आतिशबाजी आकर्षण का केन्द्र रही। समिति उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल सांस्कृतिक मंत्री जुगल अग्रवाल और कार्यक्रम संयोजक राधा गोविन्द अग्रवाल एवं अन्य ने शोभायात्रा की व्यवस्था संभाली। बुधवार शाम 7 बजे से वराह लीला का आयोजन होगा। वहीं, 14 मई को नृसिंह भगवान का पाटोत्सव मनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here