जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाली एक शातिर अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई कर ऐजास उर्फ मोटा और उसके साथी कासिफ खान को दबोचते हुए उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं चांदी के बर्तन बरामद किए हैं।
फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि नाहरगढ़ थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाली एक शातिर अंतरराज्यीय नकबजन गैंग के शातिर बदमाश कासिफ खान (19) निवासी जालुपुरा जयपुर और ऐजास उर्फ मोटा (24) निवासी कोतवाली टोंक हाल शिवपुरी (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का माल बरामद किया है, जिसमें सोने की चेन, अंगूठियां, चांदी की थाली, कटोरी, बगड़ी, ब्रेसलेट, चांदी का नारियल तथा 40 घुंघरू शामिल हैं।
थानाधिकारी दशरथ ने बताया कि मुख्य आरोपी ऐजास उर्फ मोटा आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ टोंक कोतवाली थाने में पूर्व में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल टीम ने साइबर सेल की सहायता से लगातार तकनीकी निगरानी कर आरोपियों को ट्रैक किया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहाह,ताकि शेष चोरी की नकदी एवं आभूषणों की बरामदगी की जा सके।
थानाधिकारी दशरथ ने बताया कि 14 मई 2026 को माउंट रोड, नाहरगढ़ निवासी पीड़ित परिवादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका जंवाई गंभीर बीमारी के कारण मालवीय नगर स्थित अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती था, जिसके चलते 11 मई 2026 को पूरा परिवार घर पर ताला लगाकर अस्पताल चला गया था। इसी दौरान 12 मई 2026 की रात जंवाई का निधन हो गया, जिसके चलते परिवार अस्पताल से सीधे कमानी फैक्ट्री, नारायण नगर स्थित निवास पर रुक गया।
अगले दिन 13 मई की सुबह जब भतीजा घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर अलमारियां व तिजोरी के कुंदे कटे हुए पाए गए। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने तिजोरी में रखे 1.50 लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषण चुरा लिए। चोरी गए सामान में सोने के 2 जोड़ी हार, 3 जोड़ी झुमकी, बोरडे, रखड़ी, गोखरू, कड़े, 7 जेंट्स अंगूठी, 10 लेडीज अंगूठी, 2 जंतर, मंगलसूत्र, आड़, 2 चेन, लॉकेट, ब्रेसलेट एवं अन्य आभूषण शामिल हैं। वहीं चांदी के आभूषणों व बर्तनों में पायल, हार, रखड़ी, गोखरू, पोछी, चांदी के बर्तन, नारियल, 20 सिक्के तथा गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां शामिल थीं।
इस संबंध में थाने में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।


















